DGCA का इंडिगो पर बड़ा एक्शन, 4 इंस्पेक्टर हटाए गए, CEO पीटर एल्बर्स को फिर समन

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) पर नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने कड़ा रुख अपनाया है। इस महीने की शुरुआत में इंडिगो द्वारा हजारों उड़ानें रद्द किए जाने के बाद, डीजीसीए ने एयरलाइन की सुरक्षा और परिचालन मानकों की निगरानी के लिए जिम्मेदार चार फ्लाइट निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इसके अलावा, विमानन नियामक ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स को दोबारा समन भेजकर शुक्रवार को अधिकारियों के सामने फिर से पेश होने के लिए कहा है।

सूत्रों के अनुसार, डीजीसीए ने यह कार्रवाई इसलिए की क्योंकि हटाए गए निरीक्षकों पर इंडिगो के निरीक्षण और निगरानी ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने का आरोप है। डीजीसीए ने अब स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के लिए इंडिगो के गुरुग्राम कार्यालय में दो विशेष निगरानी दल तैनात किए हैं। ये दल प्रतिदिन शाम 6 बजे तक डीजीसीए को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

पहला दल: यह दल पायलटों, चालक दल की उपलब्धता, बेड़े की क्षमता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और चालक दल की कमी के कारण प्रभावित उड़ानों की संख्या की निगरानी कर रहा है।

दूसरा दल: यह दल यात्रियों पर संकट के प्रभाव की जाँच कर रहा है। इसमें रिफंड की स्थिति, क्षतिपूर्ति (compensation), उड़ान का समय पर संचालन और समग्र रद्दीकरण की स्थिति शामिल है।

इंडिगो को परिचालन में 10% कटौती का आदेश

डीजीसीए ने इंडिगो को अपने परिचालन में 10 प्रतिशत की कटौती करने का आदेश दिया है। एयरलाइन सामान्यतः प्रतिदिन करीब 2,200 उड़ानें संचालित करती है, जिसका मतलब है कि अब वह प्रतिदिन 200 से अधिक उड़ानें कम भरेगी। यह कदम उड़ान शेड्यूल को स्थिर करने और आगे की बाधाओं को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है।

Also Read: UP में पान मसाला-खैनी से कमाई घटी, सिगरेट से बढ़ी, जानें अब किन सेक्टरों से आ रहा राजस्व

Get real time updates directly on you device, subscribe now.