आजमगढ़: पुलिस की वर्दी में रोडवेज के पास धोखाधड़ी करते फर्जी महिला सिपाही गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ नगर कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे के पास पुलिस की वर्दी पहनकर धोखाधड़ी करते समय एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब महिला मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध अवस्था में दिखी।
संदिग्ध गतिविधि और गिरफ्तारी
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार महिला नीतू चौहान, निवासी बककटा बुजुर्ग, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर की रहने वाली है। महिला को आजमगढ़ रोडवेज बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रोडवेज चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सौरभ त्रिपाठी, महिला थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रज्ञा सिंह और कांस्टेबल शुभी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम को वर्दी में घूमती एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। पूछताछ करने पर उसने अपनी पोस्टिंग और पहचान के बारे में भ्रामक और गलत जानकारी दी, जिससे पुलिस का शक गहरा गया और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा और बरामदगी
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में आरोपी महिला नीतू चौहान ने स्वीकार किया कि वह पुलिसकर्मी बनकर बसों और ट्रेनों में बिना टिकट के सफर करती थी और धोखाधड़ी करती थी। तलाशी लेने पर महिला के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, एक बेल्ट, एक मोनोग्राम और एक पुलिस टोपी, जूते, ₹230 रुपये बरामद हुआ
दर्ज की गई धाराएं
पुलिस ने आरोपी महिला नीतू चौहान के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज की गई धाराओं में शामिल हैं। धारा 205 के तहत धोखाधड़ी से सरकारी वर्दी पहनना या सरकारी कर्मचारी की पहचान के तौर पर कोई टोकन रखना।
धारा 318(4): धोखाधड़ी।
धारा 204 बीएनएस: सरकारी कर्मचारी होने का ढोंग करना।
Also Read: यूपी भाजपा को कल मिलेगा नया अध्यक्ष, 14 दिसंबर को होगी घोषणा, 464 मतदाताओं की सूची जारी

