Cricket Match Fixing: क्रिकेट पर फिर लगा ‘मैच फिक्सिंग’ का दाग, 4 भारतीय खिलाड़ी सस्पेंड

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट एक बार फिर मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण विवादों में घिर गया है।

इस बार मामला घरेलू क्रिकेट से जुड़ा है, जहां असम क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने चार खिलाड़ियों को भ्रष्टाचार से जुड़ी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

असम क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सनातन दास ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अमित सिन्हा, ईशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुर पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के दौरान मैच फिक्सिंग से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं।

दास के अनुसार, ये चारों खिलाड़ी अलग-अलग स्तर पर असम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उन पर टूर्नामेंट के दौरान असम के कुछ खिलाड़ियों को प्रभावित करने और उकसाने का आरोप है।

Cricket Match Fixing

सनातन दास ने अपने बयान में कहा कि आरोप सामने आते ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एंटी-करप्शन यूनिट ने मामले की जांच शुरू की।

इसके साथ ही असम क्रिकेट एसोसिएशन ने भी आंतरिक जांच के बाद सख्त कदम उठाते हुए चारों खिलाड़ियों को सस्पेंड कर दिया और आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

ACA ने इस मामले में गुवाहाटी की क्राइम ब्रांच में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है।

इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त खिलाड़ियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि क्रिकेट में इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

गौरतलब है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में असम की टीम एलीट ग्रुप ‘A’ में शामिल थी, जिसमें भारतीय स्टार खिलाड़ी रियान पराग भी टीम का हिस्सा थे।

असम ने इस टूर्नामेंट में सात मैचों में से केवल तीन में जीत दर्ज की और आठ टीमों के ग्रुप में सातवें स्थान पर रही।

हालांकि, जिन चार खिलाड़ियों के नाम मैच फिक्सिंग के मामले में सामने आए हैं, वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान असम टीम के आधिकारिक स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे।

Also Read: तीन दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे लियोनेल मेसी, प्रशंसकों का उमड़ा जनसैलाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.