बहराइच में दहशत खत्म! मां के बगल से मासूम को उठाने वाला आदमखोर भेड़िया ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में आतंक मचाने वाले आदमखोर भेड़िए को 13 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद मार गिराया गया है। इसी भेड़िए ने शनिवार की भोर में एक साल की मासूम बच्ची आरवी को उसकी मां के बगल से उठा लिया था।
सर्च ऑपरेशन और भेड़िए का खात्मा
शनिवार शाम लगभग 3 बजे, घटना स्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर नदी किनारे फुश के जंगल में वन विभाग के शूटरों द्वारा भेड़िए को ढेर कर दिया गया। यह कार्रवाई कैसरगंज के सीओ (सर्किल ऑफिसर) और एसडीएम (सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट) की मौजूदगी में की गई। इस दौरान डीएफओ (डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर) राम सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन, रेंजर ओंकार यादव और वन कर्मी भी मौजूद रहे।
दिल दहला देने वाली घटना
एक वर्ष की मासूम आरवी अपनी मां राम कुमारी के साथ घर के बरामदे में सो रही थी, तभी भेड़िए ने हमला कर उसे जबड़े में दबोच लिया। मां राम कुमारी के चीखने और ग्रामीणों के शोर मचाने पर भेड़िया बच्ची को लेकर गन्ने के खेतों की ओर भाग निकला।
ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया, लेकिन भेड़िया हाथ नहीं आया। बाद में बच्ची के शरीर के कुछ अवशेष घटना स्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर बरामद हुए थे, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए बहराइच भेजा गया था। भेड़िए के मारे जाने के बाद क्षेत्र में फैली दहशत कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: रबी उत्पादकता गोष्ठी में बोले सांसद जगदम्बिका पाल – जिले में खाद की कमी नहीं

