भारत में भी बच्चों के लिए बैन हो सोशल मीडिया, सोनाक्षी ने की ट्रोलिंग पर सख्त कानून की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के मशहूर कपल सोनाक्षी सिन्हा और ज़हीर इकबाल हाल ही में मेटा के मेटामॉर्फोसिस मास मीडिया सेलिब्रेशन इवेंट में शामिल हुए। इस दौरान दोनों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और नकारात्मक पहलुओं पर खुलकर बात की। चर्चा के केंद्र में ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन का फैसला रहा, जिस पर दोनों कलाकारों ने भारत के संदर्भ में अपनी राय रखी।
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले का कड़ा समर्थन करती हैं और मानती हैं कि यह कानून भारत में भी लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि भारत में यह कानून सबसे पहले आना चाहिए। खासकर बच्चों को एक खास उम्र तक सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से पूरी तरह दूर रखना चाहिए। कम से कम तब तक, जब तक बच्चा खुद सही-गलत और अच्छा-बुरा समझने लायक न हो जाए।
सोनाक्षी के मुकाबले ज़हीर इकबाल का नज़रिया थोड़ा अलग है। वह पूर्ण बैन के बजाय माता-पिता की निगरानी पर जोर देते हैं। ज़हीर ने कहा, पूरा बैन करने के बजाय माता-पिता को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने अपने घर का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके घर में भतीजी के आईपैड में सिर्फ वही चीजें खुली रखी गई हैं, जो बच्चों के लिए सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे कहा, जब आपका बच्चा थोड़ा बड़ा हो जाए, तब भी माता-पिता को पूरा ध्यान रखना चाहिए और उनके साथ बैठकर देखना चाहिए कि वे क्या देख रहे हैं। आजकल बच्चे एक बटन दबाते हैं और पता नहीं कहाँ पहुँच जाते हैं। यह मुश्किल लगता है, लेकिन बच्चे की सुरक्षा और सही परवरिश के लिए यह करना बहुत जरूरी है।
सोनाक्षी सिन्हा ने इस इवेंट में सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ रही ट्रोलिंग और अपमानजनक टिप्पणियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खुलेआम लोगों को अपमानित करना सबसे खराब चीज है और आज कोई भी कहीं बैठकर किसी को भी कुछ भी बोल देता है। अभिनेत्री ने जोर देते हुए कहा, मुझे लगता है कि यह हर किसी के साथ हो रहा है। इसके लिए एक सख्त कानून होना चाहिए।
Also Read: बहराइच में दहशत खत्म! मां के बगल से मासूम को उठाने वाला आदमखोर भेड़िया ढेर

