UP News: 55 दिन से लापता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कोर्ट में पेश, जानिए क्या है पूरा मामला

हमीरपुर: लगभग 55 दिनों से लापता चल रहे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह किसान को पुलिस ने शुक्रवार देर शाम बरामद कर लिया। शनिवार को उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में पेश किया गया, जहा बयान दर्ज किए जाने के बाद अदालत के आदेश पर उन्हें हमीरपुर मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम भेज दिया गया है।

न्यायिक प्रक्रिया और अगली सुनवाई

प्रीतम सिंह अगले दो दिनों तक पुलिस की निगरानी में रहेंगे। रविवार को कोर्ट बंद होने के कारण आगे की न्यायिक प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। इस मामले की अगली और अहम सुनवाई 16 दिसंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होनी है। यह संभावना जताई जा रही है कि पुलिस हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार उन्हें वहाँ पेश कर सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे की पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार ही की जाएगी।

गुमशुदगी का घटनाक्रम

यह पूरा प्रकरण 18 अक्टूबर की रात को सुर्खियों में आया था। राठ–हमीरपुर हाईवे स्थित प्रीतम सिंह के निजी पेट्रोल पंप पर भुगतान को लेकर विवाद और फायरिंग की सूचना सामने आई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ के लिए प्रीतम सिंह को थाने ले गई थी। अगले ही दिन भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें परिजनों को सौंपा गया था, लेकिन इसके ठीक बाद उनके अचानक लापता होने की सूचना सामने आई।

प्रीतम सिंह के परिजनों ने आरोप लगाया था कि वह पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद ही लापता हुए थे। इस संबंध में उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।

55 दिन बाद प्रीतम सिंह की बरामदगी से पुलिस ने बड़ी राहत की सांस ली है। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए ही उन्हें वृद्धाश्रम में रखा गया है। यह प्रकरण जिले की राजनीति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है, और अब सबकी निगाहें 16 दिसंबर को हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।

Also Read: बहराइच में दहशत खत्म! मां के बगल से मासूम को उठाने वाला आदमखोर भेड़िया ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.