टैक्स चोरी पर बड़ी कार्रवाई: पूर्वांचल के 5 बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा
Sandesh Wahak Digital Desk: आयकर विभाग (Income Tax Department) की 220 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने मंगलवार तड़के टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितता के मामलों को लेकर पूर्वांचल के पांच बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। यह सर्च ऑपरेशन देर रात तक जारी रहा।
जॉइंट डायरेक्टर इन्वेस्टिगेशन प्रांजल सिंह और असिस्टेंट डायरेक्टर इन्वेस्टिगेशन उत्सव पांडेय के नेतृत्व में 220 से अधिक अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई की। ये टीमें लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज से गोरखपुर पहुंची थीं। जिन कारोबारियों के ठिकानों पर छापे पड़े, वे मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शराब, साल्वेंट और इनसे जुड़े अन्य व्यवसाय से संबंधित हैं।
गोरखपुर और अन्य जिलों में कार्रवाई
आयकर विभाग की 30 से अधिक गाड़ियों से पहुंची टीमों ने भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच दस्तावेजों को खंगाला। कार्रवाई की सूचना सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैल गई, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
गोरखपुर: यहां दर्जन भर टीमें विभिन्न ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इनमें मेडिकल रोड पर एक ऑटोमोबाइल शोरूम, स्पोर्ट्स कॉलेज रोड स्थित कारोबारी का आवास, गोलघर का एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सूबा बाजार स्थित शराब और बीयर का थोक गोदाम, बरगदवा की एक साल्वेंट फैक्ट्री और गीडा में टैंकर बनाने वाले उद्यमी का ठिकाना शामिल है।
देवरिया: एक शराब की फैक्ट्री में टीम ने जांच की। यह फैक्ट्री ऑटोमोबाइल कारोबारी की बताई जा रही है। फैक्ट्री के बाहर पुलिस तैनात है और अंदर आने-जाने पर रोक है।
कुशीनगर: एक रियल एस्टेट कारोबारी के ठिकानों पर छापा मारा गया। यहां टीम ने सैकड़ों पन्नों की फोटोकॉपी कराई।
सर्च ऑपरेशन की सख्ती
आयकर टीमों ने जहां-जहां छापेमारी की, वहां सीसीटीवी बंद करा दिए गए और किसी को भी एक-दूसरे से मिलने की इजाजत नहीं दी गई। टीम ने सुरक्षा के तौर पर सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए और उन्हें लिफाफों में सुरक्षित रखा।
Also Read: सरकारी नौकरी: UP में लेखपाल के 7994 पदों पर बंपर भर्ती, UPSSSC ने जारी किया विज्ञापन

