लखनऊ: नेशनल हेराल्ड मामले पर कांग्रेस का हल्ला बोल, अजय राय समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने भाजपा मुख्यालय की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई
कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की थी। जब कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने अजय राय सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया गया।
अजय राय का तीखा हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा “यह पूरी तरह से सरकार की तानाशाही है। भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर हमारे नेताओं का अपमान कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हम इस अन्याय और नाइंसाफी को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपना विरोध जारी रखेंगे।” कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक विद्वेष के चलते नेशनल हेराल्ड मामले में उनके शीर्ष नेतृत्व को निशाना बना रही है।

