बाराबंकी: मुकेश अंबानी को कोर्ट का नोटिस, 16 जनवरी को अगली सुनवाई, जानिए पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले की देवा रोड स्थित रिलायंस बायोगैस इंडस्ट्री से जुड़े कथित आपराधिक मामलों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा कदम उठाया है। जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव की अदालत ने उद्योगपति मुकेश अंबानी समेत सभी संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए 16 जनवरी 2026 की तारीख मुकर्रर की है।
क्या हैं आरोप?
यह मामला सेवादार मनीष मेहरोत्रा द्वारा अधिवक्ता रणधीर सिंह सुमन के माध्यम से दायर की गई याचिका पर आधारित है। याचिका में कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले कचरे को ‘जैविक खाद’ बताकर किसानों को गुमराह किया गया और उसे गांवों की मुख्य सड़कों पर डंप कर दिया गया। सड़कों पर डंप किए गए अपशिष्ट से न केवल पर्यावरण दूषित हुआ, बल्कि फिसलन और गंदगी के कारण आम नागरिक व मवेशी घायल हुए।
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि फैक्ट्री के कार्यों में लगे अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संचालन के कारण कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें लोगों की जान गई। कंपनी पर सरकारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया है।
कानूनी स्थिति
याचिकाकर्ता ने लोकक्षति निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संज्ञान लिया है और अब 16 जनवरी को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Also Read: Azamgarh Tender Scam: तत्कालीन अपर मुख्य अधिकारी समेत 3 इंजीनियर सस्पेंड, जांच जारी

