कुशीनगर: पेंशनरों को बड़ी सौगात, जिला अस्पताल में बनेगा अलग काउंटर और लाइब्रेरी युक्त सुविधायुक्त कक्ष

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिला प्रशासन पेंशनरों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘पेंशनर दिवस’ के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पेंशनरों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

पेंशनरों के लिए प्रमुख सुविधाएं

जिलाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों के बैठने के लिए एक अत्याधुनिक कक्ष का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके लिए शासन से बजट की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

पेंशनर संघ की मांग पर डीएम ने जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के लिए ओपीडी व पंजीकरण हेतु अलग काउंटर बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी कतारों में न लगना पड़े।

स्वास्थ्य विभाग के दो पेंशनरों की सर्विस बुक गुम होने के कारण फिक्सेशन रुकने के मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया और संबंधित विभाग को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासनिक निर्देश

बैठक में बेसिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी विभिन्न शिकायतों पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ कोषाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशनर समाज का अनुभव जिले के लिए अमूल्य है और उनका सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार यादव, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनर संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: बलरामपुर: गरीबों के निवाले पर डाका, कबाड़ की दुकान पर उतारा जा रहा था सरकारी राशन, बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.