उन्नाव: रेलवे ट्रैक पर सीमेंट स्लीपर आने से थमी ‘तेजस’, जांच में सामने आई यह वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर मगरवारा स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस के ट्रैक पर सीमेंट के स्लीपर आ जाने के कारण ट्रेन को गंगाघाट स्टेशन पर करीब 26 मिनट तक रोकना पड़ा। इस घटना के चलते मार्ग की अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा।
क्या था पूरा मामला?
कानपुर से लखनऊ की ओर बढ़ रही सुपरफास्ट तेजस एक्सप्रेस जब मगरवारा स्टेशन के पास से गुजरने वाली थी, तब डाउन ट्रैक (लूप लाइन) पर सीमेंट के स्लीपर रखे होने की सूचना मिली। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को तत्काल गंगाघाट स्टेशन पर ही रोक दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक को साफ कराया गया।
साजिश या दुर्घटना? आरपीएफ का स्पष्टीकरण
शुरुआती आशंका किसी साजिश की ओर इशारा कर रही थी, लेकिन आरपीएफ इंस्पेक्टर ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि यह कोई आपराधिक साजिश नहीं थी। ट्रैक के किनारे काफी संख्या में नए सीमेंट स्लीपर रखे हुए थे। भारी ट्रेनों के गुजरने से होने वाली धमक (Vibrations) के कारण स्लीपर धीरे-धीरे खिसककर लूप लाइन के करीब पहुंच गए थे।
तेजस एक्सप्रेस के 26 मिनट तक खड़े रहने के कारण पीछे आ रही अन्य गाड़ियों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित सुनिश्चित करने के बाद ही यातायात बहाल किया गया। गनीमत रही कि समय रहते जानकारी मिल गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
Also Read: यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र कल से: वंदे मातरम पर विशेष चर्चा की तैयारी, आज सर्वदलीय बैठक

