दिल्ली को मिली 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की सड़कों पर अब सफर और भी सुहाना और प्रदूषण मुक्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज डीटीसी (DTC) के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एक बड़ी खुशखबरी देते हुए उन्होंने धौला कुआं से हरियाणा के धारूहेड़ा तक इंटरस्टेट ई-बस सेवा की भी शुरुआत की।
प्रदूषण मुक्त दिल्ली की ओर बड़ा कदम
बसों को रवाना करते समय मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में सुधार उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने घोषणा की कि सरकार का लक्ष्य अगले साल तक डीटीसी की सभी बसों को इलेक्ट्रिक करने का है, ताकि सार्वजनिक परिवहन से होने वाला प्रदूषण शून्य हो सके। मुख्यमंत्री ने बस ड्राइवरों की जमकर तारीफ की और कहा, हमारे ड्राइवरों की मेहनत के बिना दिल्ली की रफ्तार थम जाएगी।
इंटरस्टेट बस सेवा की फिर से शुरुआत
मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई सालों से बंद पड़ी अंतरराज्यीय (Interstate) बस सेवाओं को अब फिर से शुरू कर दिया गया है। दिल्ली से एनसीआर (विशेषकर धारूहेड़ा) रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों के लिए अब सफर सस्ता, सुरक्षित और आरामदायक होगा। अब तक दिल्ली की सड़कों पर कुल 3,400 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगी हैं, जो देश में एक रिकॉर्ड है।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना रेखा गुप्ता ने कहा, पिछली सरकार ने इंटरस्टेट बस सेवाओं को बंद कर दिया था, जिससे आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लेकिन दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद हमने परिवहन सेवा का लगातार विस्तार किया है। इस सफल शुरुआत के लिए उन्होंने परिवहन मंत्री पंकज सिंह और विभाग के अधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read: भारी हंगामे के बीच लोकसभा से पास हुआ VB-जी राम-जी विधेयक, विपक्ष ने सदन में फाड़ी प्रतियां

