नोरा फतेही का एक्सीडेंट, एक्ट्रेस ने दिया हेल्थ अपडेट, बोलीं- आंखों के सामने आ गई थी मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही शनिवार शाम एक सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। इस खबर ने उनके लाखों फैंस को चिंता में डाल दिया। नोरा सनबर्न फेस्टिवल में मशहूर डीजे डेविड गेटा के कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने जा रही थीं, तभी एक कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

नोरा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस भयावह पल की पूरी जानकारी दी। नोरा के मुताबिक, सामने वाली कार का ड्राइवर शराब के नशे में था। उसने इतनी तेज टक्कर मारी कि नोरा का सिर सीधे कार की खिड़की से जा टकराया। नोरा ने इसे अपने ‘जीवन का सबसे भयावह और दर्दनाक पल’ बताया। उन्होंने कहा, मैंने अपनी पूरी जिंदगी अपनी आंखों के सामने फ्लैश होते देखी। मैं अभी भी सदमे में हूं।

हैरानी की बात यह है कि इस हादसे और सिर में आई चोट व सूजन के बावजूद नोरा ने अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट को कम नहीं होने दिया। हादसे के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने डेविड गेटा के कॉन्सर्ट में अपनी परफॉर्मेंस दी। उन्होंने कहा कि वह अपनी मेहनत और काम के बीच किसी भी बाधा को नहीं आने देना चाहतीं।

शराब पीकर गाड़ी न चलाएं: नोरा की अपील

एक्ट्रेस ने हेल्थ अपडेट देते हुए फैंस को बताया कि वह अब ठीक हैं, लेकिन नशे में गाड़ी चलाने वालों पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा, मुझे हैरानी है कि 2025 में भी ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ एक चर्चा का विषय है। शराब पीकर गाड़ी चलाना दूसरों की जान जोखिम में डालना है। मैं किसी भी तरह के नशे (ड्रग्स या शराब) को प्रमोट नहीं करती और न ही ऐसे लोगों के आसपास रहना पसंद करती हूं।

नोरा ने अपने उन तमाम चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके लिए दुआएं कीं और मैसेज भेजे। उन्होंने कहा कि फैंस की चिंता उनके लिए बहुत मायने रखती है। फिलहाल नोरा डॉक्टरों की निगरानी में हैं और आराम कर रही हैं।

Also Read: Bareilly News: नशे के सौदागर पर कसा शिकंजा, 100 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.