Varanasi News: सिल्वर ग्रोव स्कूल में ‘युगांतर’ थीम पर वार्षिक प्रदर्शनी–2025 का भव्य आयोजन

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के सिल्वर ग्रोव स्कूल, महेशपुर में रविवार को वार्षिक प्रदर्शनी–2025 का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का विषय “युगांतर: ए जर्नी ऑफ इवोल्यूशन अक्रॉस एजेस” रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने मानव और समाज के विकास की यात्रा को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना चतुर्वेदी के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने प्रदर्शनी की संकल्पना, उद्देश्य और “युगांतर” विषय के अंतर्गत सामाजिक-मानव विकास की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संस्कृत स्वागत गीत “स्वागतम् सुस्वागतम्” ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि के रूप में अजय राज वर्मा (SHO, मंडुआडीह) उपस्थित रहे।

वहीं, डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह (बीएचयू), प्रो. आलोक कुमार पांडे (समाजशास्त्र विभाग), प्रो. सनत कुमार शर्मा (सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार, गया), डॉ. सुशील कुमार चौबे (बीएचयू) और डॉ. अरुण कुमार दुबे (कम्युनिटी मेडिसिन, IMS बीएचयू) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विद्यालय परिवार की ओर से रचना श्रीवास्तव और मोहित श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, नवाचार और प्रस्तुति कौशल की सराहना करते हुए विद्यालय के शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा की।

प्रदर्शनी में विज्ञान, इतिहास, पौराणिक कथाओं, सामाजिक विषयों और कला से जुड़े विद्यार्थियों के मॉडल और प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं।

सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने ब्लड टाइपिंग, ह्यूमन हार्ट, स्मार्ट फार्मिंग, फ्रेंच रिवोल्यूशन, मोनार्की से डेमोक्रेसी, मनोविज्ञान में प्रयोगशाला आधारित मॉडल और अंग्रेज़ी विषय में पास्ट-प्रेज़ेंट-फ्यूचर जैसी थीम्स को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

जूनियर विंग में कक्षा 2 के छात्र यशस्वी उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत स्मार्ट सिटी मॉडल को विशेष सराहना मिली।

वहीं, केजी विंग के नन्हे विद्यार्थियों ने हेल्दी बनाम जंक फूड, ट्रांसपोर्टेशन, स्टोरी लैंड और जंगल वर्ल्ड जैसी थीम्स पर आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में लगभग 500 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट उपप्रधानाचार्य रोहित सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में सीनियर कोऑर्डिनेटर मानसी सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

आयोजन को सफल बनाने में राम कुमार गुप्ता, सिद्धार्थ भास्कर, नीरज सिंह, दीप्ति जौहरी, नैंसी श्रीवास्तव, अनिल आर्य, दिग्विजय सिंह, पूजा भट्टाचार्य और पूजा यादव का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथियों, अभिभावकों और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Sultanpur News: STF के साथ मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात बदमाश सिराज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.