CM योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आज, अनुपूरक बजट समेत कई प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में अनुपूरक बजट समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा निवेश से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विकासपरक योजनाओं पर भी विचार किए जाने की संभावना है।

पेश होगा पहला अनुपूरक बजट

प्रदेश सरकार चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 का पहला अनुपूरक बजट सोमवार को विधानसभा में पेश करेगी। सूत्रों के अनुसार, इस अनुपूरक बजट में बुनियादी ढांचे से जुड़े विभागों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, शहरी विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों को अतिरिक्त बजट मिल सकता है। पुलिस आधुनिकीकरण से संबंधित योजनाओं के लिए भी धनराशि का प्रावधान किए जाने की उम्मीद है।

विकास परियोजनाओं पर होगा फोकस

अनुपूरक बजट के तहत एक्सप्रेसवे, सड़कों और पुलों के निर्माण पर खर्च किया जा सकता है। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, ग्रामीण पेयजल योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद और विद्यालयों के अधोसंरचना विकास के लिए भी बजट आवंटित किए जाने की संभावना है। सामाजिक कल्याण योजनाओं, कृषि योजनाओं और रोजगार सृजन कार्यक्रमों को भी अतिरिक्त राशि मिल सकती है।

वंदे मातरम पर चर्चा और नए विधेयक

सोमवार को सदन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम पर चर्चा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा इस सत्र में आठ नए विधेयक पेश किए जा सकते हैं, जिन्हें सदन के पटल पर रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि विधानसभा की कार्यवाही 24 दिसंबर तक चलनी है और इस दौरान राज्य सरकार सभी जरूरी विधायी कार्यों को निपटाने की तैयारी में जुटी हुई है।

 

Also Read: Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में चूक, एक अधिकारी पर गिरी गाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.