IPL के इस धुरंधर खिलाड़ी ने अचानक लिया संन्यास, 14 साल के क्रिकेट करियर को कहा अलविदा
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट से एक अनुभवी ऑलराउंडर ने विदाई ले ली है। कर्नाटक के दिग्गज क्रिकेटर कृष्णप्पा गौतम ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है।
14 साल लंबे घरेलू और आईपीएल करियर के बाद गौतम ने प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
कृष्णप्पा गौतम को उनकी पावर हिटिंग और दमदार ऑफ-स्पिन गेंदबाजी के लिए जाना जाता था। उन्होंने 2012 में रणजी ट्रॉफी के जरिए फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था।
उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने सुरेश रैना और भुवनेश्वर कुमार जैसे नामी खिलाड़ियों को आउट कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

2016-17 का रणजी सीजन गौतम के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जहां उन्होंने 8 मैचों में 27 विकेट झटके। बल्लेबाजी में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि तब आई, जब उन्होंने असम के खिलाफ अपना पहला फर्स्ट-क्लास शतक लगाया।
अपने फर्स्ट-क्लास करियर में गौतम ने 59 मैचों में 224 विकेट लेने के साथ-साथ 1419 रन भी बनाए। वहीं लिस्ट-A क्रिकेट में उन्होंने 68 मैचों में 96 विकेट और 630 रन अपने नाम किए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें भारत के लिए एक वनडे मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एक विकेट हासिल किया। इसके अलावा वह कई बार इंडिया A टीम का भी हिस्सा रहे।
आईपीएल में कृष्णप्पा गौतम ने मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया।
अपने आईपीएल करियर में उन्होंने 13 विकेट लेने के साथ 247 रन बनाए। उनके आईपीएल करियर का सबसे चर्चित पल 2021 में आया, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 9.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कृष्णप्पा गौतम का संन्यास भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के एक जुझारू ऑलराउंडर के युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।
Also Read: टी20 वर्ल्ड कप में चयन के बाद ईशान किशन को मिली कप्तानी, 20 सदस्यीय टीम घोषित
Get real time updates directly on you device, subscribe now.