प्रयागराज माघ मेला में श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 3800 स्पेशल बसें, दो अस्थायी बस स्टेशन और शाही स्नान के लिए रिजर्व इंतजाम
Prayagraj News: प्रयागराज में 3 जनवरी से शुरू हो रहे आस्था के सबसे बड़े केंद्र ‘माघ मेला’ को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी कमर कस ली है। महाकुंभ की भव्यता को ध्यान में रखते हुए इस बार माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन निगम (UPSRTC) ने 3800 बसों का बेड़ा उतारने का फैसला किया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी जैसे मुख्य पर्वों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए 200 अतिरिक्त शटल बसें भी चलाई जाएंगी।
मकर संक्रांति: 15 जनवरी
मौनी अमावस्या: 18 जनवरी
बसंत पंचमी: 23 जनवरी इन तारीखों पर मुख्य पर्व से दो दिन पहले और एक दिन बाद तक बसों का विशेष संचालन होगा।
कहां से कितनी बसें चलेंगी
श्रद्धालुओं को प्रयागराज लाने के लिए उत्तर प्रदेश के हर कोने से बसें चलेंगी।
लखनऊ और गोरखपुर क्षेत्र: 500-500 बसें
प्रयागराज क्षेत्र: 550 बसें
आजमगढ़ और वाराणसी: 430-430 बसें
कानपुर और अयोध्या: 270-270 बसें
झांसी: 50 बसें
पहली बार दो अस्थायी बस स्टेशन
भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए इस बार मेला क्षेत्र में एक के बजाय दो अस्थायी बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने और जानकारी के लिए बड़े फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे। मंत्री ने साफ किया कि जो बसें पहले से सामान्य रूप से चल रही हैं, उनके रूट में कोई बदलाव नहीं होगा, ये बसें एक्स्ट्रा होंगी।
पिछली बार महाकुंभ में करीब 67 करोड़ लोगों ने डुबकी लगाई थी। इसी अनुभव को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की कोताही नहीं बरत रहा है। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य स्नान पर्वों पर बसों की कमी नहीं होनी चाहिए, इसलिए भारी मात्रा में ‘रिजर्व बसों’ की व्यवस्था भी की गई है।
Also Read: Ayodhya News: अंगद टीला पर स्वर्ण और रत्नों से जड़ित पाँच कुंटल भारी भव्य प्रतिमा की होगी प्रतिष्ठा

