सोनभद्र: UP STF का बड़ा एक्शन, ट्रक के केबिन में 45 लाख का गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट ने जनपद सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर 1.60 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹45 लाख आंकी गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
एसटीएफ ने बभनी गांव के किनारे सोनभद्र मार्ग पर टाटा ट्रक (UP 54 T 5150) को रोककर चेकिंग की। ट्रक के केबिन में विशेष रूप से बनाई गई ‘कैविटी’ (गुप्त केबिन) के अंदर से गांजे की खेप बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त: 1. मनोज यादव (निवासी मऊ) – ट्रक चालक व वाहन स्वामी। 2. मदन (निवासी रोहतास, बिहार) – गिरोह का सक्रिय सदस्य।
बरामद सामान: 1.60 क्विंटल गांजा, टाटा ट्रक और मोबाइल फोन।
पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के मऊ और बिहार के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। पुलिस को चकमा देने की साजिश: पकड़े जाने से बचने के लिए तस्करों ने उड़ीसा से गांजा लोड करने के बाद अम्बिकापुर में ट्रक में ऊपर से कोयला लाद दिया था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना छोटू यादव (निवासी मऊ) का नाम सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। चालक को गांजे की खेप सुरक्षित पहुंचाने के लिए सामान्य किराए के अतिरिक्त 30-40 हजार रुपये अलग से मिलते थे।
एसटीएफ टीम की सफलता
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (STF प्रयागराज) शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक विनय तिवारी सहित आरक्षी मोहम्मद हबीब, विकास तिवारी और अन्य सदस्य शामिल रहे। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बभनी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: कुशीनगर: डीआरएम आशीष जैन ने किया गोरखपुर-पडरौना रेल खंड का निरीक्षण, ‘अमृत भारत’ कार्यों की समीक्षा

