दिल्ली मेट्रो के विस्तार को केंद्र की हरी झंडी, 12 हजार करोड़ से बनेगी नई लाइन
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो अब और भी लंबी होने जा रही है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दिल्ली मेट्रो के फेज 5A (Phase 5A) को मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 12,015 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि इस नए विस्तार के तहत 16 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। इस रूट पर कुल 13 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें से 10 स्टेशन जमीन के अंदर (अंडरग्राउंड) होंगे, जबकि 3 स्टेशन ऊंचे (एलिवेटेड) बनाए जाएंगे। इस विस्तार के बाद दिल्ली मेट्रो का पूरा नेटवर्क 400 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर जाएगा।
3 साल में बनकर होगी तैयार
सरकार ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 3 साल का लक्ष्य रखा है। दिल्ली मेट्रो, जिसमें अभी रोजाना करीब 65 लाख लोग सफर करते हैं, इस विस्तार के बाद यात्रियों की संख्या में और भी इजाफा होगा। केंद्र सरकार का मानना है कि इस कदम से दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आएगी।
कैसे जुटाया जाएगा पैसा
12,015 करोड़ रुपये के इस भारी-भरकम बजट को तीन हिस्सों में बांटा गया है। केंद्र सरकार 1,759 करोड़ रुपये का योगदान देगी। वहीं दिल्ली सरकार बराबर की हिस्सेदारी यानी 1,759 करोड़ रुपये देगी। प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपये का कर्ज (Loan) लिया जाएगा। बाकी की राशि अन्य आंतरिक स्रोतों से जुटाई जाएगी।

