सिद्धार्थनगर: जिला जज और DM-SP ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में जेल प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों, भोजनालय और साफ-सफाई की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त हिदायत भी दी।

सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि कारागार के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश हर हाल में रोका जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जेल में आने वाले प्रत्येक नए कैदी का जेल चिकित्सकों द्वारा अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी बीमारी या संक्रमण के खतरे को टाला जा सके।

बैरकों और भोजनालय की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बंदियों से बातचीत की और भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता को परखा। जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने अधिकारियों को अवगत कराया कि जेल स्टाफ द्वारा नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाता है।
सतर्कता के निर्देश
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि कारागार का नियमित अंतराल पर निरीक्षण जारी रखें। जेल में निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: गोरखपुर का वनटांगिया गांव रचेगा इतिहास, बनेगा यूपी का पहला और देश का दूसरा ‘जल अर्पण गांव’

