लखनऊ: आयुष्मान योजना में बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, STF ने 3 सरकारी अधिकारियों समेत 7 को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने सरकार के राजस्व को करोड़ों की क्षति पहुँचाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह अवैध तरीके से ओटीपी (OTP) बाईपास कर अपात्र व्यक्तियों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बनवाता था। एसटीएफ ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र से गिरोह के मास्टरमाइंड चंद्रभान वर्मा सहित 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आयुष्मान योजना से जुड़ी एजेंसियों (ISA और SHA) के वर्तमान और पूर्व अधिकारी भी शामिल हैं।

कैसे होता था खेल: OTP बाईपास और फर्जी अप्रूवल

गिरोह का मास्टरमाइंड चंद्रभान वर्मा लखनऊ में साइबर कैफे चलाता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह एक विशेष पोर्टल के जरिए पात्र परिवारों के मुखिया का ओटीपी बाईपास कर उसमें अपात्र सदस्यों को जोड़ देता था। इसके बाद, वह Implementation Support Agency (ISA) और State Health Agency (SHA) में तैनात अपने साथियों की मदद से 1000 से 5000 रुपये प्रति कार्ड देकर फर्जी अप्रूवल कराता था। गिरोह एक कार्ड के बदले जनता से 6000 रुपये तक वसूलता था।

अब तक 2000 से अधिक फर्जी कार्ड बनाए

अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक 2000 से अधिक अपात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए हैं, जिनसे विभिन्न अस्पतालों में मुफ्त इलाज कराकर सरकार को भारी वित्तीय चपत लगाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत सिंह (एक्जीक्यूटिव SHA), सौरभ मौर्या व सुजीत कनौजिया (एक्जीक्यूटिव ISA) और कल्याण सिंह कैंसर संस्थान का एक ‘आयुष्मान मित्र’ भी शामिल है।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

एसटीएफ ने अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

उपकरण: 05 लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, कलर प्रिंटर और थंब स्कैनर।

दस्तावेज: 129 फर्जी आयुष्मान कार्डों का डेटा, 22 एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और 04 मोहरें।

वाहन एवं नकदी: एक अर्टिगा कार और 60,370 रुपये नकद।

अभियुक्तों के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम, लखनऊ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं (जैसे- धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Also Read: लखनऊ: ‘फ्री फायर’ गेम से शुरू हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.