Bareilly News: एमजेपीआरयू की फर्जी वेबसाइट बनाकर डिग्री बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में थाना बारादरी पुलिस और परिक्षेत्रीय साइबर थाना की संयुक्त टीम ने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर नकली डिग्रियां तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
फर्जी वेबसाइट से फैलाई जा रही थी भ्रामक जानकारी
एमजेपीआरयू के कोऑर्डिनेटर डॉ. अख्तर हुसैन ने उच्चाधिकारियों को शिकायत दी थी कि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट की नकल करते हुए www.mjpru.org.in नाम से एक फर्जी वेबसाइट बनाई गई है।
इस वेबसाइट के जरिए विश्वविद्यालय से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं अपलोड कर छात्रों, अभिभावकों और आमजन को गुमराह किया जा रहा था, जिससे विश्वविद्यालय की साख को नुकसान पहुंच रहा था।
मुकदमा दर्ज, तकनीकी जांच से खुला राज
शिकायत के आधार पर थाना बारादरी में मुकदमा संख्या 1589/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल ने जांच शुरू की।
डोमेन प्रोवाइडर कंपनी होस्टिंगर से मिली जानकारी में मोबाइल नंबर और भुगतान से जुड़े अहम साक्ष्य सामने आए।
एक गिरफ्तार, एक फरार
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुजय राय (निवासी ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड) और धर्मेंद्र कुमार (निवासी रामपुर) को चिन्हित किया।
लोकेशन के आधार पर संयुक्त टीम ने सुजय राय को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के वॉयज हॉस्टल के पास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि धर्मेंद्र कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
लैपटॉप, मोबाइल और फर्जी डिग्रियां बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एमजेपीआरयू के नाम से बनी दो फर्जी डिग्रियों की छायाप्रति बरामद की गई।
पूछताछ में सुजय राय ने बताया कि वह बीटेक पास है और दोनों ने मिलकर असली वेबसाइट जैसी फर्जी वेबसाइट तैयार की थी।
स्टूडेंट वीजा के नाम पर विदेश भेजने का खेल
आरोपियों का मकसद विदेश जाने के इच्छुक लोगों के लिए फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार कर स्टूडेंट वीजा दिलवाना था।
वेरिफिकेशन के दौरान वे अपनी फर्जी वेबसाइट का यूआरएल देते थे, जिससे संबंधित संस्थाएं उसे असली वेबसाइट समझ लेती थीं और इस तरह आरोपी मोटी रकम वसूलते थे।
कड़ी धाराओं में कार्रवाई, तलाश जारी
पुलिस ने सुजय राय के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और आईटी एक्ट की धारा 66सी व 66डी के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार अभियुक्त धर्मेंद्र कुमार की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय (थाना बारादरी), निरीक्षक नीरज कुमार सिंह (प्रभारी साइबर थाना), उप निरीक्षक मनीष भारद्वाज, अंकित सिंह चौहान, गुरमीत सिंह तोमर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

