मथुरा में नहीं होगा सनी लियोन का डांस प्रोग्राम, भारी विरोध के बाद रद्द किया शो

Mathura News: धर्म नगरी मथुरा में नए साल 2026 के स्वागत के लिए होटलों और क्लबों में चल रही तैयारियों के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। शहर के The Trunk क्लब ने 1 जनवरी को सनी लियोन का एक डीजे प्रोग्राम आयोजित करने की योजना बनाई थी। जैसे ही यह खबर शहर में फैली, हिंदू संगठन और साधु-संत इसके विरोध में सड़क पर उतर आए।

धर्म नगरी में फूहड़ता बर्दाश्त नहीं

इस कार्यक्रम को लेकर समाजसेवी छाया गौतम और गौ रक्षक पवन दुबे सहित कई हिंदूवादी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। विरोध करने वालों का कहना था कि मथुरा-वृंदावन राधा-कृष्ण की भक्ति का केंद्र है और यहां अश्लीलता या फूहड़ता परोसने वाले कार्यक्रमों की कोई जगह नहीं है। संगठनों ने चेतावनी दी थी कि वे किसी भी कीमत पर सनी लियोन का कार्यक्रम नहीं होने देंगे, क्योंकि इससे ब्रज की छवि और धर्म नगरी की गरिमा को ठेस पहुँचती है।

हिंदू संगठनों के कड़े रुख और जनभावनाओं को देखते हुए The Trunk क्लब के मालिक सौरभ अग्रवाल ने तुरंत कदम उठाते हुए कार्यक्रम को निरस्त कर दिया। उन्होंने आधिकारिक तौर पर बताया कि 1 जनवरी 2026 को होने वाला कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि, भविष्य में ऐसी कोई भी गलती नहीं होगी जिससे ब्रजवासियों की भावनाओं को चोट पहुँचे।

साधु-संतों ने जताई खुशी

कार्यक्रम रद्द होने की सूचना पर दिनेश फलाहारी महाराज सहित कई प्रमुख संतों ने संतोष व्यक्त किया है। संतों का कहना है कि यह ब्रज की मर्यादा और भक्ति की जीत है। उन्होंने जिला प्रशासन का भी आभार जताया कि उन्होंने संतों की पीड़ा को समझा और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की। संतों ने स्पष्ट किया कि नए साल का स्वागत सात्विक तरीके से और मर्यादा में रहकर ही किया जाना चाहिए।

बता दें कि नए साल के मौके पर बांके बिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन और मथुरा में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Also Read: UP STF की बड़ी कार्रवाई: 60 लाख का गांजा बरामद, ओडिशा से यूपी तक फैला तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.