Test Retirement: क्या रोहित-कोहली को टेस्ट से संन्यास के लिए मजबूर किया गया?

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली फिलहाल केवल वनडे फॉर्मेट में ही सक्रिय हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जबकि मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अचानक अलविदा कहने का उनका फैसला क्रिकेट जगत के लिए हैरान करने वाला रहा।

अब इस संन्यास को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने बड़ा सवाल खड़ा किया है।

क्या टेस्ट संन्यास स्वाभाविक था?

अपने यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में रॉबिन उथप्पा ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास उन्हें स्वाभाविक नहीं लगता।

Robin Uthappa

उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि यह फैसला किसी मजबूरी के तहत लिया गया हो सकता है।

उथप्पा ने कहा,

“मुझे नहीं पता कि यह जबरन किया गया आत्मसमर्पण था या नहीं, लेकिन यह बिल्कुल भी स्वाभाविक विदाई नहीं लगती। इसकी सच्चाई क्या है, यह दोनों खिलाड़ी ही अपने समय पर बताएंगे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह फैसला पूरी तरह स्वाभाविक था।”

रणजी में वापसी, फिर अचानक संन्यास

रोहित और कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हुई बॉर्डर–गावस्कर ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के बाद लंबे समय बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी की थी।

इसे उनके टेस्ट करियर को आगे बढ़ाने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा था। ऐसे में कुछ ही महीनों बाद दोनों का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना कई सवाल खड़े करता है।

इसी बीच इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया, जिसने अटकलों को और हवा दी।

रोहित को लेकर उथप्पा की राय

उथप्पा ने रोहित शर्मा को लेकर कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जब वह रन नहीं बना पा रहे थे, तब उन्हें लगा था कि रोहित को छह महीने का ब्रेक लेकर फिटनेस और फॉर्म पर काम करना चाहिए था।

उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा था कि रोहित टेस्ट क्रिकेट में दमदार वापसी करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”

रोहित और कोहली के टेस्ट संन्यास को लेकर उथप्पा का यह बयान एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में चयन नीति और भविष्य की दिशा को लेकर बहस छेड़ सकता है।

Also Read: अपने ही खिलाड़ियों का पैसा डकार गया पाकिस्तान, बोर्ड पर लगे गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.