Pratapgarh News: पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा पर हमले के मामले में पूर्व BJP विधायक और ब्लॉक प्रमुख पर FIR
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज इलाके में पिछले दिनों हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा और उनके बेटे के काफिले को रोककर हमला करने के आरोप में भाजपा के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, उनके भतीजे (ब्लॉक प्रमुख) और भाई सहित 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह पूरी घटना 27 दिसंबर की रात की है। रानीगंज निवासी लालमणि तिवारी ने बताया कि वह पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा और उनके पुत्र (पूर्व ब्लॉक प्रमुख) पूर्णांशु ओझा के साथ रानीगंज स्थित आवास पर लौट रहे थे। आरोप है कि जामताली मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पूर्व विधायक धीरज ओझा अपने भाइयों, भतीजे और करीब 20 अज्ञात समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और रास्ता रोक लिया।
शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि पूर्व विधायक ने अपनी पिस्टल से कार के शीशे पर प्रहार किया, जिससे वह टूट गया। हमलावरों ने कार में मौजूद लालमणि, प्रदीप दुबे और दिग्विजय कश्यप को बाहर खींच लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। जब सुरक्षा में तैनात गनर रवि सिंह ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रानीगंज पुलिस ने सोमवार रात को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपियों में अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा (पूर्व भाजपा विधायक), सत्यम ओझा (गौरा ब्लॉक प्रमुख), नीरज ओझा (भाई), दिलीप, अखिल सिंह और निलेश पाण्डेय (साथी) इसके अलावा 20 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Also Read: कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट: सुरक्षा और यात्री सुविधाएं डीएम की प्राथमिकता, अधिकारियों को दिए निर्देश

