लखनऊ: अवैध प्लॉटिंग पर चला LDA का बुलडोजर, गुड़म्बा और काकोरी में 70 बीघा जमीन हुई कब्जा मुक्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध कॉलोनियों और बिना नक्शा पास कराए की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अभियान जारी है। मंगलवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने गुड़म्बा और काकोरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 70 बीघा क्षेत्रफल में फैली 12 अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
गुड़म्बा: 4 अवैध प्लॉटिंग पर एक्शन
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में गुड़म्बा के ग्राम-कपासी में कार्रवाई की गई।
क्षेत्रफल: लगभग 20 बीघा।
नामजद: मनोज पाल, मोहम्मद सिद्दीकी, रमेश कुमार पाल, लाल बहादुर व अन्य।
कार्रवाई: टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही सड़कों, बाउंड्रीवॉल और ऑफिसों को ढहा दिया।
काकोरी: 50 बीघा क्षेत्र में 8 कॉलोनियां ध्वस्त
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में काकोरी के विभिन्न गांवों में सघन अभियान चलाया गया।
प्रभावित क्षेत्र: ग्राम जलियामऊ, कठिंगरा, फतेहगंज व नठौरा।
क्षेत्रफल: लगभग 50 बीघा।
नामजद: सर्वेश कुमार, इरफान, अमित कुमार, पंकज यादव, अवनीश यादव, शिवकुमार जायसवाल व अन्य। बिना प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही 8 अवैध प्लॉटिंग को जमींदोज किया गया।
एलडीए की अपील
एलडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले एलडीए कार्यालय से उसकी वैधता और नक्शे की जांच अवश्य कर लें, ताकि उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रहे।
Also Read: मिर्जापुर: दो शव मिलने से सनसनी, ‘जमीन और टोटके’ के विवाद में हत्या की आशंका

