मीरजापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 20 लाख के गांजे के साथ 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: मीरजापुर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जिगना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ से तस्करी कर लाया जा रहा करीब 50 किलो 780 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर चार शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹20 लाख आंकी गई है।

घेराबंदी और गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के निर्देश पर एएसपी (ऑपरेशन) मनीष मिश्रा और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में जिगना पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। 30 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जिगना बारी कोट चौराहे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने एक बोलेरो (CG 13C 0364) और एक टेम्पो (UP 63BT 3364) को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 50.780 किग्रा गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार तस्कर: 1. राहुल सिंह (रीवा, मध्य प्रदेश) 2. धीरज सिंह (जिगना, मीरजापुर) 3. प्रतीक सिंह (जिगना, मीरजापुर) 4. भोला तिवारी (जिगना, मीरजापुर)

पूछताछ में हुआ ‘छत्तीसगढ़ कनेक्शन’ का खुलासा

पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा कोरबा (छत्तीसगढ़) से खरीदकर लाते थे। इस खेप को स्थानीय तस्कर ‘गुड्डू सिंह’ को बेचा जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और मुख्य खरीदार गुड्डू सिंह की तलाश में जुट गई है।

कानूनी कार्यवाही

थाना जिगना पुलिस ने चारों अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 390/2025 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो और टेम्पो को MV एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

रिपोर्ट: अशोक सिंह 

 

Also Read: लखनऊ: अवैध प्लॉटिंग पर चला LDA का बुलडोजर, गुड़म्बा और काकोरी में 70 बीघा जमीन हुई कब्जा मुक्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.