Gonda News: 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ दरोगा, जेल भेजने की धमकी देकर मांगी थी घूस

Gonda News: जिले के नवाबगंज थाने में तैनात एक दरोगा को मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक टीम (Anti-Corruption Team) ने 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी उप निरीक्षक (SI) अमर पटेल एक मुकदमे में धाराएं बढ़ाने और आरोपी को जेल भेजने का डर दिखाकर पैसे की मांग कर रहे थे।

मामले की शुरुआत 23 दिसंबर को हुई थी, जब रघुनाथपुर के रहने वाले हरीशचंद्र मिश्र ने बृजेश यादव और चार अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस केस की जांच दरोगा अमर पटेल कर रहे थे। दरोगा अमर पटेल ने बृजेश यादव को डराया कि वह केस में गंभीर धाराएं बढ़ाकर उसे जेल भेज देंगे। इस मुसीबत से बचने के बदले उन्होंने रिश्वत की मांग की।

दरोगा की अवैध मांग से परेशान होकर बृजेश यादव ने देवीपाटन मंडल की भ्रष्टाचार निरोधक टीम से संपर्क किया और पूरी आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने दरोगा को पकड़ने के लिए एक सटीक योजना बनाई। योजना के मुताबिक, बृजेश ने दरोगा को पैसे देने के लिए थाने के बजाय नवाबगंज विकास खंड (ब्लॉक) परिसर में बुलाया।

जैसे ही दरोगा अमर पटेल वहां पहुंचे और बृजेश से 10,000 रुपये की नकदी ली, पहले से ही सादे कपड़ों में तैनात टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम दरोगा को अपने साथ ले गई। आरोपी दरोगा मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रौनापार थाने के रहने वाले हैं। एंटी करप्शन टीम ने बताया कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें गोरखपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

Also Read: पाकिस्तान में इमरान खान की बहन अलीमा खान गिरफ्तार, समर्थकों में बढ़ा अक्रोश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.