कुशीनगर: नए साल के जश्न पर प्रशासन का कड़ा पहरा; चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल के स्वागत के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुशीनगर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रसिद्ध महापरिनिर्वाण बौद्ध स्थल पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है।

मजिस्ट्रेटों की भारी तैनाती

भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था के लिए पूरे जिले को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा की कमान सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट के हाथों में होगी। तहसील और पुलिस चौकीवार तैनात मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर यातायात और भीड़ का प्रबंधन करेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तत्काल सक्रिय किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी तैनात अधिकारी अपने क्षेत्र में लगातार गश्त (भ्रमणशील) पर रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना या तनाव की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देनी होगी। कलेक्ट्रेट में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी सहायक आयुक्त सहकारिता और डीपीआरओ को बनाया गया है।

हायता के लिए हेल्पलाइन

डीएम ने आमजन से शांति और सौहार्द के साथ नया साल मनाने की अपील की है। किसी भी समस्या या सूचना के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है:

कंट्रोल रूम नंबर: 05564-240590

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

Also Read: लखनऊ में अब खुद पास करें अपना नक्शा, LDA ने लॉन्च किया ‘फास्टपास’ सिस्टम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.