मोहम्मद शमी की वापसी की उल्टी गिनती शुरू! घरेलू प्रदर्शन ने बदला चयनकर्ताओं का मूड
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भारतीय टीम में वापसी की संभावनाएं एक बार फिर मजबूत होती नजर आ रही हैं।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे शमी पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की करीबी नजर बनी हुई है।
मोहम्मद शमी इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में प्रभावशाली गेंदबाजी कर रहे हैं। इससे पहले वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में भी अपनी फिटनेस और लय का दमखम दिखा चुके हैं।
उनके इस प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं के बीच उनके नाम पर फिर से गंभीर चर्चा शुरू हो गई है।

BCCI की नजर शमी के प्रदर्शन पर
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि बोर्ड शमी के घरेलू क्रिकेट प्रदर्शन पर लगातार नजर रखे हुए है और उनकी वापसी की संभावना अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत दिखाई दे रही है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मोहम्मद शमी पूरी तरह से चयन की दौड़ से बाहर नहीं हुए हैं। चिंता का मुख्य कारण केवल उनकी फिटनेस को लेकर है। सूत्र के हवाले से कहा गया,
“शमी जैसी क्षमता वाला गेंदबाज हमेशा विकेट लेकर देता है। यह कहना गलत होगा कि वह टीम इंडिया के चयन से बाहर हो चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ संभावित सीरीज में वह चयन के लिए अच्छी स्थिति में हैं।
उनके अनुभव और विकेट लेने की क्षमता को देखते हुए टीम में वापसी चौंकाने वाली नहीं होगी। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उनका चयन भी पूरी तरह संभव है।”
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में चमके थे शमी
मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। उस टूर्नामेंट में वह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। शमी और वरुण चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से 9-9 विकेट लिए थे। इसके बावजूद शमी इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे।
हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उन्होंने जोरदार वापसी के संकेत दिए हैं। विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पिछले 6 मैचों में शमी 17 विकेट चटका चुके हैं।
फिटनेस को लेकर रहा विवाद
पिछले कुछ महीनों में शमी का नाम विवादों में भी रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से बाहर किए जाने के बाद उन्होंने बयान दिया था कि चयनकर्ताओं को फिटनेस की जानकारी देना उनका काम नहीं है।
वहीं, टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अगर शमी पूरी तरह फिट होते तो उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए जरूर चुना जाता।
अब घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के बाद मोहम्मद शमी की वापसी की राह एक बार फिर खुलती नजर आ रही है।

