लखनऊ: माइनर में गिरी तेज रफ्तार कार, प्रॉपर्टी डीलर समेत दो की मौत; कार के भीतर ही थम गईं सांसें

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर माइनर (नहर) में जा गिरी, जिससे कार सवार प्रॉपर्टी डीलर और उनके एक साथी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय कार का शीशा बंद होने के कारण दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा बेहटा माती और पारा गांव के बीच रात करीब 11 बजे हुआ। बाराबंकी के पलिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर विनोद यादव (45) अपने दो साथियों अरुण (23) और कुंवर के साथ गांव से वापस लखनऊ लौट रहे थे।

तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हुई और माइनर में पलट गई। ग्रामीणों ने कार को गिरते देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से बाहर निकाला और सीएचसी गुडंबा पहुंचाया, लेकिन तब तक विनोद और अरुण की मौत हो चुकी थी। तीसरा साथी कुंवर घायल है, जिसका इलाज जारी है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। मृतक अरुण की हाल ही में शादी हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। वहीं, विनोद यादव के भाई वीरेंद्र ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए तीसरे साथी कुंवर से गहन पूछताछ करने की अपील की है। पुलिस फिलहाल इसे दुर्घटना मानकर चल रही है, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

पुलिस की कार्रवाई

गुडंबा पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। कार को माइनर से बाहर निकाल लिया गया है।

Also Read: नए साल पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, पुलिस कांस्टेबल के 32,679 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.