15 अगस्त 2027 को दौड़ेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन, रेल मंत्री बोले- अभी से टिकट बुक करा लीजिए

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय रेलवे जल्द ही रफ्तार की नई परिभाषा लिखने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि 15 अगस्त, 2027 को भारत को अपनी पहली बुलेट ट्रेन मिल जाएगी। रेल मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, आप अभी से बुलेट ट्रेन की टिकट खरीद लीजिए, क्योंकि अगले साल यह हकीकत बनने जा रही है।

बुलेट ट्रेन के साथ ही रेल मंत्री ने एक और बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। यह ट्रेन गुवाहाटी-कोलकाता रूट पर सबसे पहले चलाई जाएगी। लंबी दूरी और रात के सफर के लिए तैयार यह ट्रेन यात्रियों को लग्जरी सुविधाएं और आधुनिक सुरक्षा प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

सूरत स्टेशन पर PM मोदी ने खुद ली सुध

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर सरकार कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने खुद गुजरात के सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीएम मोदी इंजीनियरों से बारीकी से प्रोजेक्ट की प्रगति पूछते नजर आए। उन्होंने कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का काम अब अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा किया जाए ताकि देश का ट्रांसपोर्ट सिस्टम दुनिया के सबसे आधुनिक सिस्टम्स में शामिल हो सके। बुलेट ट्रेन आने से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि देश के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Also Read: 2025: क्रिकेट इतिहास का रिकॉर्डतोड़ साल, बने 5 ऐसे वर्ल्ड रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ना है मुश्किल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.