Jaunpur News: धनंजय सिंह का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- उन्हें मुझसे नहीं, पूरी क्षत्रिय बिरादरी से है चिढ़
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी अलग धमक रखने वाले पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है। धनंजय सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जानबूझकर क्षत्रिय समाज को निशाना बनाते हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरने के चक्कर में पूरी बिरादरी पर कीचड़ उछालते हैं।
धनंजय सिंह ने प्रतापगढ़ के बाहुबली नेता राजा भैया (रघुराज प्रताप सिंह) के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव की याददाश्त शायद कमजोर हो गई है। राजा भैया आपके साथ पांच साल कैबिनेट मंत्री रहे और आप पूछते हैं कौन राजा? यह अपमान सिर्फ राजा भैया का नहीं, बल्कि पूरे क्षत्रिय समाज का था। राजा भैया अपनी बदौलत 1993 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं, अखिलेश तो उनके बहुत बाद सदन में आए हैं।
कुंडा में कुंडी लगा देंगे वाली भाषा पर सवाल
अखिलेश यादव द्वारा पूर्व में दिए गए बयानों पर तंज कसते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता कि वह ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने मुख्यमंत्री रहते हुए हमेशा क्षत्रियों के खिलाफ काम किया और अगर उन्हें दोबारा मौका मिला, तो वे फिर यही करेंगे। उन्होंने क्षत्रिय समाज को आगाह करते हुए कहा कि अब उन्हें तय करना चाहिए कि वे किसके साथ रहना चाहते हैं।

PDA नहीं, अगड़ों से है चिढ़
सपा के बहुचर्चित PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर हमला बोलते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को असल में अगड़ों से चिढ़ है। उन्होंने कहा, समाज अब 21वीं सदी में जी रहा है जहाँ छुआछूत खत्म हो चुका है, लेकिन अखिलेश की भाषा समाज को पीछे ले जाने वाली है। भाजपा की कम सीटों पर उन्होंने कहा कि भाजपा हारी नहीं है, बल्कि कुछ नेताओं के बयानों से कोर वोटर शिथिल हो गया था, जिसका लाभ सपा-कांग्रेस गठबंधन को मिला, जिसे वे पचा नहीं पा रहे।
Also Read: प्रयागराज: नेताजी की प्रतिमा पर रोक, अब विराजे राधा-कृष्ण; योगी सरकार पर बरसे माता प्रसाद पांडेय

