बरेली: रील बनाने के चक्कर में सलाखों के पीछे पहुंचा ‘जानू ठाकुर’, जानिए पूरा मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल के पहले ही दिन बरेली की सुभाषनगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को “डॉन” दिखाने की कोशिश में अवैध तमंचे से फायरिंग का वीडियो पोस्ट किया था, जिसे पुलिस ने तत्काल संज्ञान में लेकर कार्रवाई की।

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस

सुभाषनगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें एक युवक अवैध असलहे से हवाई फायरिंग कर कानून की धज्जियां उड़ाता नजर आया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर फत्तेपुर से सनईया मढ़िनाथ जाने वाले रास्ते पर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी: देवांश उर्फ जानू ठाकुर (28 वर्ष), निवासी अशोक नगर, मढ़ीनाथ, बरेली।

बरामद सामान: एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना सुभाषनगर में मु.अ.सं. 01/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम (Arms Act) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में कुबूला गुनाह

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी “धाक” जमाने और सुरक्षा के नाम पर तमंचा रखा था। शौक-शौक में उसने हवाई फायरिंग का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।

Also Read: योगी सरकार का मास्टरस्ट्रोक, उत्तर प्रदेश बना देश का नया ‘डिजिटल निवेश हब’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.