बरेली: नाबालिग छात्राओं के अपहरण की कोशिश, ‘लव जिहाद’ की साजिश का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चंदनपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोचिंग जा रही दो नाबालिग हिंदू छात्राओं को जबरन ऑटो में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया। परिजनों ने मुस्लिम युवकों पर ‘लव जिहाद’ और अवैध धर्मांतरण की नीयत से अपहरण करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है।

कोचिंग के बहाने साजिश

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चंदनपुर निवासी अमर सिंह की 16 वर्षीय बेटी और उनके पड़ोसी सुशील सिंह की बेटी मेघा प्रतिदिन की तरह सुबह 9 बजे गैनी गांव में कोचिंग पढ़ने गई थीं। दोपहर 2 बजे तक जब दोनों छात्राएं वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान परिजनों को सूचना मिली कि मस्जिद वाली गली (मझगवां) के दो युवक एक ऑटो में दोनों छात्राओं को बहला-फुसलाकर और डरा-धमका कर ले जा रहे हैं। जब परिजनों ने ऑटो को रोकने का प्रयास किया, तो आरोप है कि ऑटो चालक ने उन पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिससे परिजन बाल-बाल बच गए।

नामजद आरोपी

पीड़ित पक्ष ने मझगवां निवासी दो युवकों आविद पुत्र अवरार (निवासी मस्जिद वाली गली, मझगवां) और राहिव पुत्र सहिद खां (निवासी मस्जिद वाली गली, मझगवां) के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।

‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण का आरोप

छात्राओं के पिता अमर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है। बजरंग दल और स्थानीय हिंदू संगठनों ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए इसे ‘लव जिहाद’ और अवैध धर्मांतरण के प्रयास की श्रेणी में रखा है। परिजनों का कहना है कि आरोपितों का मुख्य उद्देश्य नाबालिगों का धर्म परिवर्तन कराना था।

थाना अलीगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम लापता बालिकाओं की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

रिपोर्ट: रंजीत बिसारिया

 

Also Read: बरेली: रील बनाने के चक्कर में सलाखों के पीछे पहुंचा ‘जानू ठाकुर’, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.