Etawah News: दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग में जिंदा जला ड्राइवर, केबिन में बचीं सिर्फ हड्डियां

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में गुरुवार देर रात आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर एक रूह कंपा देने वाला हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद एक ट्रक के केबिन में भीषण आग लग गई। इस आग में ट्रक चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। हादसा इतना भीषण था कि आग बुझने के बाद केबिन में सिर्फ चालक की हड्डियों के अवशेष ही मिले।

कोहरे के बीच अचानक लगे ब्रेक और मच गई चीख-पुकार

हादसा फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पक्का बाग ओवर ब्रिज के पास रात करीब 12:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सिरसा का रहने वाला लवली उर्फ जसकीरत सिंह अपने ट्रक में जिप्सम लादकर बनारस जा रहा था। हाईवे पर घना कोहरा था, तभी आगे चल रहे नमक लदे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा जसकीरत का ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और जसकीरत उसी में फंस गया। टक्कर के तुरंत बाद इंजन से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

Etawah Truck Accident

आग की लपटों में विलीन हो गई जिंदगी

कोहरे की वजह से इस हादसे की भनक आसपास के लोगों को देरी से लगी। जब तक रात करीब 1 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं, तब तक ट्रक का केबिन आग का गोला बन चुका था। काफी मशक्कत के बाद जब आग बुझाई गई और केबिन के अंदर झांका गया, तो वहां का दृश्य देखकर सबकी आंखें नम हो गईं। चालक का शरीर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था, वहां केवल अवशेष बचे थे।

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक आगरा-कानपुर रूट पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बुरी तरह जल चुके ट्रक को किनारे कराया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। मृतक के साथी ड्राइवर जगजीत सिंह ने बताया कि आगे वाले ट्रक ड्राइवर की लापरवाही ने लवली की जान ले ली। फिलहाल नमक लदा ट्रक चालक मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Also Read: कफ सिरप मामले में बयानबाजी पड़ी महंगी, ड्रग इंस्पेक्टर निलंबित, विवादों से रहा है पुराना नाता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.