नए साल पर शिरडी साईं मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, चढ़ावा पहुंचा 23 करोड़ से पार
Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल के मौके पर शिरडी में साईं बाबा के दरबार में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चढ़ावे का आंकड़ा 23 करोड़ रुपये से पार पहुंच गया। विदेशी करेंसी से लेकर सोना, चांदी और हीरे तक भक्तों ने साईं बाबा के चरणों में अर्पित किए। इस संबंध में श्री साईंबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रिसमस की छुट्टियों, साल की विदाई और नए साल के स्वागत के दौरान कुल लगभग 23 करोड़ 29 लाख रुपये का दान प्राप्त हुआ है।
सोना, चांदी और हीरे से सजा बाबा का दरबार
गाडिलकर के अनुसार, दान पेटियों के माध्यम से 22 करोड़ 02 लाख 61 हजार 006 रुपये नकद प्राप्त हुए। दान काउंटर से 3 करोड़ 22 लाख 43 हजार 388 रुपये, पीआर टोल पास के माध्यम से 2 करोड़ 42 लाख 60 हजार रुपये और डेबिट-क्रेडिट कार्ड, ऑनलाइन दान, चेक, डीडी और मनीऑर्डर के जरिए 10 करोड़ 18 लाख 86 हजार 955 रुपये का दान मिला। इसके साथ ही दुनिया के 26 देशों से विदेशी मुद्रा के रूप में 16 लाख 83 हजार 673 रुपये संस्थान को प्राप्त हुए।
इस दौरान साईं बाबा को 293.910 ग्राम सोने का दान मिला, जिसकी कीमत लगभग 36 लाख 38 हजार 610 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 05 किलो 983 ग्राम चांदी भी दान में प्राप्त हुई, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख 49 हजार 741 रुपये है। नए साल के पहले दिन साईं बाबा के चरणों में एक आकर्षक नक्षीकाम के साथ 655 ग्राम वजन का सोने-हीरे का मुकुट भी अर्पित किया गया। इस मुकुट की अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें करीब 585 ग्राम शुद्ध सोना और लगभग 153 कैरेट कीमती हीरे जड़े हैं।
लाखों भक्तों ने उठाया प्रसाद का लाभ
इस पावन अवधि के दौरान साईं बाबा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु शिरडी पहुंचे। गाडिलकर ने बताया कि 06 लाख से अधिक भक्तों ने श्री साईं प्रसादालय में निःशुल्क प्रसाद भोजन का लाभ उठाया, जबकि 1 लाख 09 हजार से अधिक भक्तों को फूड पैकेट उपलब्ध कराए गए।
नए साल के अवसर पर लड्डू प्रसाद की भी भारी मांग देखने को मिली। इस दौरान 7 लाख 67 हजार 444 लड्डू प्रसाद पैकेट बिके, जिससे 02 करोड़ 30 लाख 23 हजार 320 रुपये की आय हुई। इसके साथ ही 5 लाख 76 हजार 400 साईं भक्तों ने मुफ़्त बूंदी प्रसाद पैकेट का भी लाभ उठाया।
सामाजिक कार्यों में होगा उपयोग
गाडिलकर ने बताया कि साईं बाबा संस्थान को प्राप्त इस विशाल दान का उपयोग श्री साईंबाबा अस्पताल और श्री साईनाथ अस्पताल के संचालन, श्री साईं प्रसादालय में निःशुल्क भोजन, संस्थान के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, बाहरी मरीजों के लिए चैरिटी, साईं भक्तों की सुविधाओं के विस्तार और अलग-अलग सामाजिक कार्यों में किया जा रहा है।
Also Read: 5 जनवरी को आ सकता है उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर सुप्रीम फैसला

