सिद्धार्थनगर: खाद तस्करी के खिलाफ पुलिस और SSB की कार्रवाई, 8 बोरी यूरिया बरामद, एक गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सरहदी जिले सिद्धार्थनगर में खाद की कालाबाजारी और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। ताजा मामले में थाना मोहाना पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने आठ बोरी यूरिया खाद के साथ एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी खाद को अवैध तरीके से सीमा पार ले जाने की फिराक में था।

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई खेप

मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराधियों और तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ककरहवा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एसएसबी की टीम ने संदेह होने पर एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 8 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई, जिसे मोटरसाइकिल और दो साइकिलों के जरिए ले जाया जा रहा था।

कौन है गिरफ्तार आरोपी?

पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान रघुवर यादव (पुत्र रामपियारे) के रूप में हुई है। वह मोहाना थाने के ही वर्डपुर नंबर 4 (टोला नंदनगर चौराहा) का रहने वाला है। पुलिस ने बरामद खाद, मोटरसाइकिल और साइकिलों को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे ककरहवा कस्टम कार्यालय भेज दिया है।

जिले के अधिकारियों ने साफ किया है कि सीमावर्ती इलाकों में खाद की तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: UP पुलिस भर्ती में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 32,679 पदों पर आयु सीमा में मिली 3 साल की छूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.