KGMU की छात्रा से दरिंदगी मामला: पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के माता-पिता को किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के थाना चौक क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर (एमडी छात्रा) के साथ उसके ही सीनियर डॉक्टर द्वारा की गई धोखाधड़ी और उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस साजिश में शामिल मुख्य आरोपी डॉक्टर रमीजुद्दीन के पिता सलीमुद्दीन और मां खतीजा को हुसैनाबाद इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

केजीएमयू लखनऊ में एमडी पैथोलॉजी की छात्रा ने 23 दिसंबर 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसके सीनियर डॉक्टर रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज ने शादी का वादा करके उसके साथ लंबे समय तक बार-बार दुष्कर्म किया। जब पीड़िता गर्भवती हुई, तो उसकी सहमति के बिना उसका गर्भपात करा दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का भी भारी दबाव बनाया।

साजिश में शामिल था पूरा परिवार

पुलिस की जांच और पीड़िता के बयानों से यह खुलासा हुआ कि इस पूरे अपराध में डॉक्टर रमीज के परिजन भी बराबर के साझीदार थे। परिजनों ने न केवल पीड़िता पर धर्म बदलने का दबाव डाला, बल्कि उसे डराया-धमकाया भी। जांच के बाद पुलिस ने मुकदमे में सामूहिक साजिश और धर्मांतरण कानून की गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं।

पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी

चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार, 5 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:10 बजे ठाकुरगंज के हुसैनाबाद स्थित एक अपार्टमेंट में छापा मारा। यहां से पुलिस ने सलीमुद्दीन (70 वर्ष) आरोपी का पिता, जो पेशे से प्राइवेट डॉक्टर है। खतीजा (67 वर्ष) आरोपी की मां को गिरफ्तार किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी डॉक्टर रमीज और अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें उत्तराखंड और पीलीभीत में छापेमारी कर रही हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(ड), 69, 89 (गर्भपात), 123, और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धाराओं के तहत सख्त कार्यवाही की है।

Also Read: Lucknow News: नाबालिग को बहलाकर ले जाने वाला आरोपी संजय यादव गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.