LDA की बड़ी कार्रवाई: अर्जुनगंज का ‘कालका ढाबा’ सील, दुबग्गा और मोहनलालगंज में अवैध कॉलोनियां जमींदोज

Sandesh Wahak Digital Desk: शहर की सूरत बिगाड़ने वाले और अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सोमवार को आर-पार की कार्रवाई की। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर गठित टीमों ने अर्जुनगंज में एक नामी ढाबे को सील किया, तो वहीं दुबग्गा और मोहनलालगंज में करोड़ों की जमीन पर अवैध रूप से बिछाए गए सड़कों और प्लाटिंग के जाल को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

बिना नक्शे के चल रहा था ढाबा

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव के नेतृत्व में टीम सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज पहुंची। यहाँ सुनील सिंह द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध भवन बनाकर ‘कालका ढाबा’ संचालित किया जा रहा था। प्राधिकरण ने पुलिस बल की मौजूदगी में इस अवैध निर्माण को पूरी तरह सील कर दिया है।

130 बीघा जमीन ‘कब्जा’ मुक्त

प्राधिकरण ने भू-माफियाओं के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई दुबग्गा और मोहनलालगंज में की।

मोहनलालगंज (जोन-2) के ग्राम-डेवहा में आर.एन. शर्मा, दिलीप सिंह और अन्य भू-माफियाओं द्वारा करीब 30 बीघा जमीन पर 7 अवैध कॉलोनियां काटी जा रही थीं। जोनल अधिकारी विराग करवरिया की टीम ने इन सभी निर्माणों को ढहा दिया।

दुबग्गा (जोन-7) के सराई प्रेमराज और शेखपुरवा इलाके में आरिफ, मोहम्मद अब्बास और अन्य लोगों द्वारा लगभग 100 बीघा के विशाल क्षेत्रफल में 6 अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जोनल अधिकारी माधवेश कुमार की टीम ने बुलडोजर चलाकर वहां बने अवैध रास्तों और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया।

खरीददारों को चेतावनी

एलडीए अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई किसी भी जमीन पर लगाने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसका नक्शा पास है या नहीं। अवैध प्लाटिंग पर भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: KGMU की छात्रा से दरिंदगी मामला: पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के माता-पिता को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.