Unnao News: राहुल वाजपेयी ने नेशनल पावर लिफ्टिंग में गाड़े झंडे, 200 किलो वजन उठाकर जीता मेडल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के उभरते हुए खिलाड़ी राहुल वाजपेयी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ताकत का लोहा मनवाकर जिले का नाम रोशन किया है। दिल्ली के बुराड़ी में आयोजित ‘शेरू क्लासिक आईपीएल’ (Sheru Classic IPL) के तत्वाधान में ऑल इंडिया पावर लिफ्टिंग कंपटीशन में राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया है।
200 किलो वजन उठाकर सबको चौंकाया
महज 21 वर्ष की आयु में राहुल वाजपेयी ने जूनियर वर्ग के 75-82 किलोग्राम बॉडी वेट कैटेगरी में हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए 200 किलोग्राम की डेडलिफ्ट (Deadlift) पूरी की। इस जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर उन्होंने देश भर से आए दिग्गजों के बीच राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान (4th Rank) प्राप्त किया।
नेशनल चैंपियन सुरेंद्र सिंह ने किया सम्मानित
राहुल की इस उपलब्धि पर दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नेशनल चैंपियन सुरेंद्र सिंह ने खुद मंच पर राहुल को मेडल पहनाया और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।
राहुल की यह जीत अचानक नहीं मिली है, बल्कि उनके निरंतर संघर्ष का परिणाम है। हाल ही में उन्होंने उन्नाव जिले में आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। क्षेत्रीय स्तर पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें दिल्ली नेशनल चैंपियनशिप के लिए आमंत्रित किया गया, जहाँ उन्होंने अपनी श्रेणी में टॉप-5 में जगह बनाई।
जिले में खुशी की लहर
राहुल वाजपेयी की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर उन्नाव के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद राहुल ने राष्ट्रीय पटल पर उन्नाव का गौरव बढ़ाया है। सभी ने उन्हें भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
Also Read: Bihar Congress: कांग्रेस की समीक्षा बैठक बनी ‘अखाड़ा’, प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही चले लात-घूंसे

