सिद्धार्थनगर: भूख से तड़पते गौवंश, फूटी आंखें और गेट पर ताला; खेतवल मिश्र गौशाला की तस्वीरों ने झकझोरा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार की गौ-संरक्षण योजनाओं को जमीनी स्तर पर कैसे पलीता लगाया जा रहा है, इसकी एक हृदय विदारक तस्वीर सिद्धार्थनगर जिले से सामने आई है। जोगिया विकास खंड के खेतवल मिश्र गौशाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन के दावों की पोल खोल कर रख दी है।

गेट पर ताला, अंदर तड़पते बेजुबान

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गौशाला के मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ है। अंदर का नजारा और भी खौफनाक है; दर्जनों बेसहारा गौवंश भूख और प्यास से बदहाल हैं। गौशाला के भीतर चारे का एक तिनका तक नजर नहीं आ रहा है, जिससे साफ है कि कई दिनों से बेजुबानों को खाना नहीं दिया गया।

दिल दहला देने वाली हालत: आंखें फूटी, शरीर पर जख्म

गौशाला में दो गौवंश अर्धमृत (मरणासन्न) अवस्था में मिले हैं। उनकी हालत इतनी बदतर है कि उनकी आंखें फूटी हुई हैं और शरीर पर गहरे घाव सड़ रहे हैं। पशु चिकित्सा तो दूर, वहां पानी तक की बूंद मयस्सर नहीं है। मौके पर न तो कोई केयरटेकर मिला और न ही कोई कर्मचारी, मानो बेजुबानों को मरने के लिए छोड़ दिया गया हो।

डीएम ने दिए जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश

मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने बीमार गौवंश के तुरंत इलाज के निर्देश दिए हैं। पूरी घटना की गहन जांच कर रिपोर्ट तलब की है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

व्यवस्थाओं पर खड़े हुए बड़े सवाल

यह घटना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मानवीय क्रूरता का भी उदाहरण है। ‘गौवंश संरक्षण’ के नाम पर आने वाले बजट और तैनात अधिकारियों की कार्यशैली अब सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों में इस शर्मनाक स्थिति को लेकर भारी गुस्सा है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: UP MLC Election: यूपी की 11 सीटों के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी, जानें आपके क्षेत्र में कितने हैं मतदाता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.