सीतापुर: नए साल के पहले मंगलवार पर भक्ति की बयार, संगीत की मधुर धुन पर गूंजी ‘हनुमान चालीसा’
Sandesh Wahak Digital Desk: साल 2026 के पहले मंगलवार को सीतापुर में भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। भाजपा नेता सागर गुप्ता के संयोजन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने पूरे इलाके को अध्यात्म के रंग में सराबोर कर दिया। अवसर था संगीत की मधुर धुन पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
फूलों से महका मंदिर, जयकारों से गूंजा आकाश
हनुमान मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी फूल-मालाओं से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान बजरंगबली की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही आशीष शास्त्री और अनुराग रोशन एंड टीम ने संगीत की धुनों पर चालीसा का पाठ शुरू किया, पूरा क्षेत्र “जय हनुमान” के जयघोष से गूंज उठा।

भक्ति में लीन नजर आए दिग्गज
इस धार्मिक अनुष्ठान में राजनीति और समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश शुक्ला (भाजपा जिलाध्यक्ष), राजन गुप्ता (नगर अध्यक्ष), सागर गुप्ता (भाजपा नेता एवं आयोजक), विपुल सिंह, संजय गुप्ता, राजीव गुप्ता, यतीन्द्र अवस्थी और सभासद धीरज पांडे सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
पाठ की समाप्ति के बाद भगवान की आरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच भारी मात्रा में प्रसाद का वितरण किया गया। भाजपा नेता सागर गुप्ता ने कहा कि नए साल की शुरुआत ईश्वर की भक्ति और हनुमान जी के आशीर्वाद के साथ करना सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी नीरज पांडे और समस्त मंदिर समिति का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट: संदीप श्रीवास्तव
Also Read: कुशीनगर: घरेलू हिंसा की शिकार महिला के लिए ‘ढाल’ बनी 181 हेल्पलाइन, रेस्क्यू के बाद मिली शरण

