Bangladesh Cricket: भारत के बल्ले इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे बांग्लादेश के खिलाड़ी, इस बैट कंपनी ने करार किया समाप्त
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच चल रही तनातनी का असर अब मैदान के बाहर भी दिखाई देने लगा है।
बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाए जाने के बाद अब बांग्लादेशी क्रिकेटरों के लिए एक और बड़ा झटका सामने आया है।
खबर है कि भारतीय बैट निर्माता कंपनी SG (Sanspareils Greenlands) ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के साथ अपने किट स्पॉन्सरशिप करार खत्म कर दिए हैं।
SG ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों से समाप्त किए सभी करार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, SG ने मौजूदा हालात को देखते हुए बांग्लादेशी क्रिकेटरों के साथ जुड़े सभी करार समाप्त करने का फैसला किया है। इसके चलते बांग्लादेश के बल्लेबाज अब SG के बल्ले का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

भारतीय कंपनी ने साफ संकेत दिए हैं कि वह फिलहाल बांग्लादेशी खिलाड़ियों के साथ किसी नए या पुराने समझौते को आगे नहीं बढ़ाएगी।
बांग्लादेश के कई प्रमुख बल्लेबाज लंबे समय से SG के बल्ले से खेलते आ रहे थे। इनमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कप्तान बनाए गए लिट्टन दास का नाम भी शामिल है।
करार खत्म होने के बाद इन खिलाड़ियों को अब किसी अन्य ब्रांड के साथ नए समझौते करने होंगे।
मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ी तल्खी
भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव की शुरुआत बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर हुई। आईपीएल से उनके बाहर होने के बाद बांग्लादेश के खेल मंत्रालय और क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया।
इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी को पत्र लिखकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में होने वाले अपने मुकाबलों के वेन्यू बदलने की मांग की थी।
IPL प्रसारण पर भी लगी रोक
इसी क्रम में बांग्लादेश सरकार के निर्देश पर वहां आईपीएल के लाइव प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला भी किया गया। इस फैसले ने दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में तनाव को और बढ़ा दिया।
ICC ने ठुकराई वेन्यू बदलने की मांग
बांग्लादेश की मांग पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साफ इनकार कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी ने बीसीबी को स्पष्ट कर दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के मुकाबले तय शेड्यूल के अनुसार भारत में ही खेलने होंगे।
बांग्लादेश के मैच कोलकाता और मुंबई में आयोजित किए जाने हैं।
फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में भारत और बांग्लादेश क्रिकेट के रिश्तों में नरमी आती है या यह विवाद और आगे बढ़ता है।
Also Read: T20 वर्ल्ड कप 2026 पर ICC का सख्त स्टैंड, बांग्लादेश की मांग नामंजूर

