कानपुर: स्कॉर्पियो में किशोरी से दुष्कर्म, यू-ट्यूबर गिरफ्तार, आरोपी दरोगा फरार और थाना प्रभारी सस्पेंड
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर के सचेंडी इलाके में 14 साल की किशोरी के साथ हुई हैवानियत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस घिनौनी वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि रक्षक की वर्दी पहनने वाले दरोगा अमित मौर्या ने अपने यू-ट्यूबर दोस्त शिवबरन यादव के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी यू-ट्यूबर को जेल भेज दिया है और दरोगा की उस काली स्कॉर्पियो को भी बरामद कर लिया है, जिसमें इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
ऐसे खुला राज: पीड़िता की हिम्मत और एडीसीपी की जांच
सोमवार रात को जब किशोरी घर से बाहर गई थी, तब कार सवार दो युवकों ने उसे अगवा कर लिया और रेलवे लाइन के पास ले जाकर दुष्कर्म किया। बुधवार को एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह जब खुद गांव पहुंचे और जांच की, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं।
ग्रामीणों ने इलाके में घूमने वाली दरोगा अमित मौर्या की काली स्कॉर्पियो के बारे में बताया। जब एडीसीपी ने पीड़िता को कार की फोटो दिखाई, तो उसने तुरंत उसे पहचान लिया। पीड़िता ने यू-ट्यूबर शिवबरन और दरोगा का हुलिया बताया, जिसके बाद पुलिस ने शिवबरन को हिरासत में लेकर शिनाख्त कराई। पीड़िता द्वारा पहचान लिए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कमिश्नर का कड़ा एक्शन
मामले की गंभीरता और लापरवाही को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने गाज गिराई है। विक्रम सिंह (थाना प्रभारी) को सही धाराओं में एफआईआर दर्ज न करने, अधिकारियों को गुमराह करने और तथ्यों से छेड़छाड़ के आरोप में सस्पेंड कर दिए गए हैं। अमित मौर्या (आरोपी दरोगा) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें छापेमारी कर रही हैं।
तेल चोरी और यू-ट्यूबरों का ‘गंदा खेल’
जांच में यह भी सामने आया है कि फरार दरोगा और यू-ट्यूबर शिवबरन के बीच गहरी सांठगांठ थी। ये लोग क्षेत्र में चलने वाले तेल चोरी के अवैध खेल में भी शामिल थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दरोगा अमित मौर्या का तबादला बिठूर हो चुका था, लेकिन वह जानबूझकर सचेंडी से रवानगी नहीं कर रहा था ताकि अपना नेटवर्क चला सके।
पुलिस अब क्षेत्र के अन्य संदिग्ध यू-ट्यूबरों की भी कुंडली खंगाल रही है जो पत्रकारिता की आड़ में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं।

