‘सपा सिर्फ एक खानदान की पार्टी, SIR पर फैला रही है झूठ’, बृजेश पाठक का अखिलेश यादव पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘पीडीए’ और मतदाता सूची पर दिए बयानों को सिरे से खारिज कर दिया है। बरेली दौरे पर पहुंचे पाठक ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अच्छी तरह जानते हैं कि जनता उन्हें नकार चुकी है, इसलिए वे अब तकनीकी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
‘मताधिकार पूरी तरह सुरक्षित’
अखिलेश यादव के ‘एक करोड़ फर्जी वोट’ वाले आरोप पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर (SIR) एक पारदर्शी प्रक्रिया है और किसी भी नागरिक का मताधिकार खतरे में नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा सपा मुखिया अपनी पार्टी के दम पर नहीं, बल्कि दूसरी जातियों का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहते हैं, लेकिन उनका यह सपना कभी सच नहीं होगा। बृजेश पाठक ने सपा को ‘एक खानदान की पार्टी’ करार देते हुए कहा कि वहां केवल एक परिवार का हित सर्वोपरि है।
अस्पताल का निरीक्षण: कमियां मिलने पर दी चेतावनी
बृजेश पाठक ने बरेली के पीर बहोड़ा स्थित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ (अर्बन पीएचसी) का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने डॉक्टरों के काम की सराहना की और कहा कि पूरे प्रदेश के अस्पतालों को इसी सक्रियता से काम करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान जब अग्निशमन उपकरणों (Fire Extinguishers) पर रिफिलिंग की तारीख नहीं मिली, तो उन्होंने तत्काल वैध पर्ची लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला अस्पतालों में विशेषज्ञों की कमी को इंटरव्यू के जरिए जल्द पूरा किया जाएगा।
“सपा का नारा: खाली प्लॉट हमारा”
पुराने दिनों की याद दिलाते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा के शासनकाल में गुंडे-माफियाओं को सरकारी संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा, “सपा का तो नारा ही था—खाली प्लॉट हमारा है। आज प्रदेश लॉ एंड ऑर्डर और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में नंबर वन है, जिसे जनता खोना नहीं चाहती।”
बरेली प्रवास के दौरान उन्होंने दिवंगत भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल को उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि भी दी और परिजनों को ढांढस बंधाया।
Also Read: ‘सत्ता के दम पर बढ़वाए 1 करोड़ फर्जी वोट, दोषियों पर दर्ज हो FIR’, अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला

