SIR पर मचा घमासान: अखिलेश यादव का खुला पत्र जारी, पीडीए प्रहरियों को दिया खास मंत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मचे घमासान के बीच अखिलेश यादव ने प्रदेश की जनता और ‘पीडीए प्रहरियों’ के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। इस ‘पाती’ के जरिए उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए मतदाताओं को आगाह किया है कि अगर वे अब भी सजग नहीं हुए, तो आने वाले समय में उन्हें अपनी ही जमीन और घर से बेदखल किया जा सकता है।
वोटर आईडी ही आपकी नागरिकता की ढाल
अखिलेश यादव ने अपने पत्र में वोट की महत्ता को एक नई परिभाषा देते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में नाम होना ही आपके नागरिक होने की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर वोटर लिस्ट से नाम कट गया, तो मुमकिन है कि भाजपा सरकार भविष्य में कोई ऐसा ‘काला कानून’ ले आए जिससे आपको अपने ही देश में बाहरी साबित कर दिया जाए और आपकी जमीन, मकान व खेत से आपका हक छीन लिया जाए। अखिलेश के मुताबिक, अपना वोट बचाने का मतलब सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि अपना संविधान, आरक्षण और सरकारी नौकरी बचाना भी है।
प्रिय मतदाता और पीडीए प्रहरी,
हर मतदाता और हर एक ‘पीडीए प्रहरी’ से एक बार फिर ये अपील है कि पीडीए समाज के वोटों को काटने की किसी भी साज़िश को कामयाब न होने दें। ‘पीडीए प्रहरी’ के प्रयासों के बावजूद भी अभी भी पीडीए समाज के करोड़ों वोट काटे गये हैं। अब पीडीए प्रहरी को हर बूथ पर… pic.twitter.com/rEV0Q9dK1q
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 8, 2026
पीडीए प्रहरियों को ‘चेतावनी’ और ‘जिम्मेदारी’
सपा प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं (पीडीए प्रहरी) को निर्देश दिया है कि वे घर-घर जाकर बूथ स्तर पर गहन जांच करें। उन्होंने कहा भाजपा निर्विरोध चुनाव जीतने का खेल खेलने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है और विपक्ष के वोट कटवाना उनकी पुरानी रणनीति है।
हर मतदाता को याद दिलाएं कि उनका वोट ही इस वर्चस्ववादी सरकार को हटाने का एकमात्र हथियार है। अगर भाजपा अपनी मनमर्जी की सरकार बनाने में सफल रही, तो वह ढाल की तरह हमारी रक्षा करने वाले संविधान को ही खत्म कर देगी।
बीजेपी पर सीधा हमला
अखिलेश यादव ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतकर भ्रष्टाचार करना और जल, जंगल, जमीन पर कब्जा करना ही सत्ताधारी दल का असली एजेंडा है। उन्होंने अपील की कि सभी लोग एकजुट होकर अपना वोट बनवाएं और भाजपा को हटाकर ‘अपनी पीडीए सरकार’ बनाएं।
सपा प्रमुख का यह पत्र ऐसे समय में आया है जब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर प्रदेश भर में आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। पार्टी अब इसे एक बड़े राजनीतिक आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है।
Also Read: UP IAS Transfer: यूपी में कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले, कुमार प्रशांत को मिली अहम जिम्मेदारी

