हिमाचल के सिरमौर में गहरी खाई में गिरी प्राइवेट बस, 8 यात्रियों की मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। शिमला से कुपवी की ओर जा रही एक प्राइवेट बस हरिपुरधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह हादसे में अब तक 8 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, जीत कोच नाम की यह प्राइवेट बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बस जैसे ही रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार बाजार के करीब पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में जा गिरी। खाई इतनी गहरी थी कि गिरने के बाद बस के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य शुरू किया।
बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
सिरमौर के एसपी (SP) निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, हादसे में आठ लोगों की जान चली गई है। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे, इसलिए हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में हाहाकार मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। खाई की गहराई और ढलान के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

