लखनऊ: महानगर में पतंजलि स्टोर में चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ की महानगर पुलिस और मध्य जोन की सर्विलांस सेल ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 31 दिसंबर की रात ‘हिंद पतंजलि केंद्र जनरल स्टोर’ में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया परचून का सामान और नकदी बरामद हुई है।

नए साल के जश्न के बीच दिया था वारदात को अंजाम

चौक निवासी मलय अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर की रात उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने कीमती सामान और नकदी पार कर दी है। महानगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस की टीमें लगातार डिजिटल फुटप्रिंट्स और मुखबिरों की मदद से चोर की तलाश में जुटी थीं।

हनुमान सेतु के पास से हुई घेराबंदी

8 जनवरी को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी हनुमान सेतु तिराहे के पास ग्रीन कॉरिडोर पर बने नए पुल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सीतापुर के सिधौली निवासी आयुष को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी के सामान के साथ मिला नकद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दुकान से चुराया गया सामान बरामद हुआ।

बादाम और जीरा के पैकेट

चायपत्ती और शहद की बोतलें

2,716 रुपये नकद

इनकी रही मुख्य भूमिका

इस गिरफ्तारी में महानगर थाने के उपनिरीक्षक अनुराग कुमार सिंह और सर्विलांस सेल के अभिनेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या आयुष के साथ इस चोरी में कोई और भी शामिल था या उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। महानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

Also Read: Lucknow News: होटल ‘ट्रेवलर्स इन’ में हाथ साफ करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.