Sitapur News: करोड़ों की GST चोरी करने वाला गिरोह का खुलासा, 8 लाख कैश और 37 मोबाइल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत सीतापुर की खैराबाद पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने एक अंतर-जनपदीय शातिर गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गरीबों के नाम पर फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी (GST) चोरी का बड़ा सिंडिकेट चला रहा था। पुलिस ने इनके पास से 8 लाख रुपये नकद, दो लग्जरी कारें और भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।

गरीबों को मुनाफे का लालच और फिर बड़ा खेल

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका काम करने का तरीका बेहद शातिर था। ये लोग ग्रामीण इलाकों के कम पढ़े-लिखे और गरीब लोगों को निशाना बनाते थे। उन्हें सरकारी योजनाओं में निवेश और मुनाफे का लालच देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर लेते थे।

इन्हीं कागजों के आधार पर गिरोह ने 60 से 70 फर्जी फर्में (Bogus Firms) खड़ी कर दी थीं। इन फर्मों के नाम पर फर्जी लकड़ी के व्यापार के बिल बनाए जाते थे और बैंक खातों में करोड़ों का लेनदेन दिखाकर जीएसटी की चोरी की जाती थी। गिरोह के सदस्य इन बैंक खातों का पूरा कंट्रोल अपने पास रखते थे और अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहे थे।

एक शिकायत और बिखर गया गिरोह का जाल

इस काले कारोबार का खुलासा तब हुआ जब एक खाताधारक को अपने नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े का अहसास हुआ और उसने 8 जनवरी 2026 को थाना खैराबाद में मुकदमा दर्ज करा दिया। शिकायत दर्ज होते ही गिरोह में हड़कंप मच गया। आरोपी अपना सारा तामझाम—लैपटॉप, मोबाइल, चेकबुक और स्टैम्प—समेटकर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें ग्राम असोथर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी की लंबी सूची: किसी दफ्तर से कम नहीं था सामान

नकदी: 08 लाख रुपये नगद।

गैजेट्स: 05 लैपटॉप, 37 मोबाइल फोन, 02 हार्ड डिस्क और 09 डिजिटल सिग्नेचर (USB) डिवाइस।

कागजात: 80 सिम कार्ड, 37 एटीएम, 39 स्टैम्प, 57 चेकबुक, 135 खुले चेक और 651 फर्जी बिल।

वाहन: दो ‘वरना’ कारें (UP14DU6823 और UP32LK7511)।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सीतापुर के मोहम्मद आसिफ, अनवारुल हक, मोहम्मद अम्मार, अब्दुल नासिर, जीशान, मोहम्मद आरिफ और कानपुर का उजैर शामिल है। पुलिस के मुताबिक ये सभी अभ्यस्त अपराधी हैं और इनके गिरोह के तार अन्य जनपदों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

सीतापुर पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Also Read: UP News: वाराणसी में 3 करोड़ के गहने बरामद, सीतापुर में करोड़ों की GST चोरी का भंडाफोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.